चुरू , अक्टूबर 18 -- राजस्थान के चूरू जिले के तारानगर उपखंड में साहवा थाना क्षेत्र पुलिस ने एक मकान में चल रही अवैध देसी शराब की लघु फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है।
थानाधिकारी जगदीश गोदारा ने रविवार काे बताया कि वार्ड नंबर 15 में एक घर पर छापा मारकर नकली शराब बनाने और पैकिंग का पूरा नेटवर्क ध्वस्त कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस की गाड़ी देखकर मकान में घुसते हुए नजर आया। दल ने उसका पीछा करते हुए मकान में प्रवेश किया तो अंदर मिलावटी शराब बनाने, बोतलों में भरने और नकली लेबल लगाने का काम जोरों पर चल रहा था।
श्री गोदारा ने बताया कि मकान को पूरी तरह अवैध फैक्ट्री में तब्दील कर दिया गया था। मौके से 140 पेटियों में 6720 नकली देसी शराब के पव्वे बरामद किए गए। इसके अलावा 200 लीटर स्प्रिट से भरा ड्रम, 500 लीटर शराब बनाने का घोल, 1050 खाली पव्वे, ढक्कन सील करने की दो मशीनें, एल्कोहल मीटर, नकली लेबल के बंडल, कार्टन बनाने के लिए गत्ते, पानी की मोटर और पाइप सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
उन्होंने बताया कि मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें विनोद कुमार, मांगीलाल नाई, राजेश कुमार और सूरज कुमार शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित