रायपुर , जनवरी 11 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को नवा रायपुर, अटल नगर में आयोजित बंसल पंख मैराथन में भाग लेकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस मैराथन में सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
श्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लोगों को फिट और स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस मैराथन का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि जब छत्तीसगढ़ स्वस्थ रहेगा, तभी विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार हो पाएगा। उन्होंने दौड़ में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को बधाई दी।
उन्होंने कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम और अफवाह फैलाने की राजनीति करती है। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण वास्तव में विकसित भारत के गांवों की परिकल्पना को साकार करने वाली योजना है। यह भविष्य के समृद्ध गांवों के निर्माण की दिशा में एक ठोस कदम है, जिससे श्रमिकों को अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे और किसानों के हितों का भी ध्यान रखा गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन केवल दिखावा है, उनका जनता से कोई वास्तविक सरोकार नहीं है। केवल नाम बदलने और योजना में 'राम' नाम होने के कारण विरोध किया जा रहा है। कांग्रेस को राम के नाम से डर क्यों लगता है, यह जनता भली-भांति समझ रही है। यह विरोध तथ्यहीन और केवल राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित है।
श्री अरुण साव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह संविधान और संवैधानिक ढांचे पर लगातार प्रहार कर रही हैं। पश्चिम बंगाल की जनता उन्हें सबक सिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार पूरी तरह विफल रही है और भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित