धार , जुलाई 25 -- केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री तथा धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद सावित्री ठाकुर ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र के गंधवानी विधानसभा अंतर्गत निर्माणाधीन इंदौर-छोटा उदयपुर रेल परियोजना के तहत विकसित किए जा रहे टांडा रोड रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री एवं धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद रहे।
सुश्री ठाकुर और श्रीविजयवर्गीय ने निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टेशन निर्माण और परियोजना की प्रगति से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
सुश्री ठाकुर ने चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का सूक्ष्मता से अवलोकन किया और रेलवे अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र ही आधुनिक, सुगम और सुरक्षित रेल सुविधाओं का लाभ मिल सके।
प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय ने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए रेलवे विभाग को समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का मूल उद्देश्य विकास की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना है। सुश्री ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य आज अभूतपूर्व गति से हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित