वाराणसी , अगस्त 21 -- धार्मिक नगरी काशी में सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने शुक्रवार को बताया कि सावन के पहले 19 दिनों में 53,69,634 श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए हैं।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, सावन के प्रत्येक सोमवार को औसतन 5.5 लाख श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अनुमान है कि सावन माह के शेष नौ दिनों में दर्शनार्थियों की कुल संख्या 80 लाख के आस पास पहुंच सकती है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके तहत बैरिकेडिंग, खोया-पाया केंद्र, मेडिकल काउंटर, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। माताओं और शिशुओं की सुविधा के लिए शिशु कक्ष की व्यवस्था की गई है तथा श्रद्धालुओं को ओआरएस का भी वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं से लगातार अपील की जा रही है कि वे प्लास्टिक के पात्र लेकर न आएं तथा खाली पेट दर्शन के लिए कतार में न लगें। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तत्काल हेल्प डेस्क से संपर्क करने की सलाह दी जा रही है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं का औसत प्रतीक्षा समय लगभग आधा घंटा रहा है। सावन माह के दौरान सभी प्रकार के प्रोटोकॉल स्थगित रखे गए हैं, जिससे आम श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन का अवसर मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि सावन माह समाप्त होने तक दर्शनार्थियों की संख्या लगभग 80 लाख तक पहुंच सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित