वाराणसी , अगस्त 3 -- सावन माह के प्रथम सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र 'हर-हर महादेव' तथा 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंज उठा। मंगला आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए, जिसके बाद दर्शन का सिलसिला लगातार जारी रहा।
सावन के पावन अवसर पर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर विधि-विधान से बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया तथा प्रदेश और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। इस दौरान मंडलायुक्त ने दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। पुष्पवर्षा से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे धाम का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंडलायुक्त ने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को सावन के प्रथम सोमवार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो। उन्होंने धाम में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दर्शन-पूजन के लिए आने वाले सभी भक्तों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र, एसडीएम शंभू कुमार तथा मंदिर प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित