बाराबंकी , अगस्त 10 -- सावन के दूसरे सोमवार को बाराबंकी जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रामनगर स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिर के अलावा हैदरगढ़ के अवश्नेश्वर महादेव मंदिर और सिरौली गौसपुर के कुंतेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर दिनभर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से गूंजते रहे। शिव भक्तों ने भगवान शिव को बेलपत्र, फूल, धतूरा और दूध अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।

शिवालयों में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भी पूजा-अर्चना को लेकर खासा उत्साह नजर आया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसरों में सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मी तथा मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने में जुटे रहे। सावन के दूसरे सोमवार को जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित