अलवर , अगस्त 10 -- राजस्थान में सावन मास के दूसरे सोमवार और सोम प्रदोष के पावन संयोग पर आज अलवर पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है।
सुबह से ही शहर के प्रमुख शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। अलवर सिंहद्वार स्थित ऐतिहासिक श्री त्रिपोलिया महादेव मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगी हुई है। हाथों में जल, दूध, पुष्प और बेलपत्र लिए श्रद्धालु भगवान त्रिपोलेश्वर नाथ के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
'बम-बम भोले' और 'जय शिव शंकर' के जयघोष गूंज रहे हैं। भक्त अपनी बारी का इंतजार करते हुए भगवान शिव के दर्शन कर रहे हैं और शिवलिंग पर जल, दूध एवं पंचामृत से अभिषेक करके सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। सावन के दूसरे सोमवार को भगवान शिव की आराधना के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं।
सोम प्रदोष के विशेष संयोग को लेकर श्री त्रिपोलिया महादेव मंदिर में शाम को भगवान भोलेनाथ की अलौकिक सोमनाथ स्वरूप झांकी सजाई जाएगी। मंदिर महंत जितेंद्र खेड़ापति के अनुसार भगवान त्रिपोलेश्वर नाथ का गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
भगवान को स्वर्ण आभूषण, रुद्राक्ष माला, चंदन और सुगंधित पुष्पों से सजाया जाएगा। विशेष श्रृंगार के बाद जब भोलेनाथ सोमनाथ स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे, तो मंदिर का वातावरण और भी भक्तिमय हो जाएगा। इस दिव्य झांकी के दर्शन के लिए शाम से श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। सोम प्रदोष के अवसर पर श्रद्धालुओं को रात्रि करीब 11 बजे तक विशेष दर्शन का लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित