बागपत , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के ऐतिहासिक पुरा महादेव परशुरामेश्वर मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों शिव भक्त लंबी कतारों में लगकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर रहे हैं। पूरा मंदिर परिसर बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहा है।

सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। मंदिर कमेटी और प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। मंदिर के मुख्य पुजारी जय भगवान शर्मा ने बताया कि मान्यता है कि भगवान परशुराम ने इसी धाम से कांवड़ यात्रा शुरू कर शिवलिंग का जलाभिषेक किया था। यही कारण है कि सावन में यहां जलाभिषेक का विशेष महत्व है।

उन्होंने बताया कि आम दिनों में भी यहां रोजाना 20 से 30 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। रक्षाबंधन पर्व पर भी भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित