बैतूल , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के प्रसिद्ध सालबर्डी धाम को धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने अधिकारियों को विस्तृत सर्वे कर विकास कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बुधवार को प्रभातपट्टन विकासखंड के भ्रमण के दौरान सालबर्डी धाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गुफा मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा मंदिर के पुजारी से धाम के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी ली। उन्होंने गुफा परिसर स्थित माता मंदिर में भी दर्शन किए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पंचायत, राजस्व तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को सालबर्डी धाम का विस्तृत सर्वेक्षण एवं ट्रैकिंग कर धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन की दृष्टि से विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सड़क संपर्क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, सुरक्षा तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास योजना तैयार करते समय क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसकी सांस्कृतिक पहचान अक्षुण्ण बनी रहे।
सालबर्डी धाम के निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने ऐतिहासिक पांडव कचहरी गुफा का भी अवलोकन किया और परिसर के संरक्षण, नियमित रखरखाव तथा साफ-सफाई के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार यह स्थल धार्मिक महत्व के साथ-साथ ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
प्रशासन के अनुसार पांडव कचहरी (शिव मंदिर) का निर्माण लगभग 13वीं से 14वीं शताब्दी के बीच माना जाता है। स्थानीय परंपराओं में इसे पांडवों की कचहरी तथा जनजातीय समाज में गोंड राजा की कचहरी के नाम से भी जाना जाता है। मंदिर की स्थापत्य शैली, वर्गाकार गर्भगृह, स्तंभों पर आधारित मंडप तथा प्रवेश द्वार पर की गई कलात्मक नक्काशी इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं। यह मंदिर मध्यप्रदेश पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित स्मारक है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मुलताई राजीव कहार, तहसीलदार यशवंत गिन्नारे तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित