हरिद्वार , जून, 27 -- उत्तराखंड के हरिद्वार के नगर कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर आपस में विवाद, गाली-गलौज और मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रही चार महिलाओं को हिरासत में लेकर शुक्रवार को उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमदा फसाद करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में मायापुर चौकी पुलिस होटल, ढाबों, धर्मशालाओं की चेकिंग के साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर रही थी।

चेकिंग के दौरान शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट के बीच पुलिस ने देखा कि दो पक्षों की महिलाएं आपस में गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू थीं। पुलिस के हस्तक्षेप पर पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच राहगीरों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित