हरिद्वार , मार्च 15 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे सत्यापन एवं विशेष अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने देर रात सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र कि कुछ लोग होटल-ढाबों, शराब की दुकानों और सड़कों के किनारे बैठकर शराब पीते हुए हुड़दंग कर रहे हैं तथा राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कस रहे हैं, इस पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने अभियान चलाया।

थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में सिडकुल क्षेत्र में अलग-अलग टीमें बनाकर सार्वजनिक स्थानों, ढाबों और सड़क किनारे बैठकर शराब पीने वालों के खिलाफ सघन जांच की गई। जांच अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर पुलिस ने 65 व्यक्तियों को विभिन्न स्थानों से पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके चालान काटे।

इस कार्रवाई के तहत कुल 16,250 रुपए का संयोजन शुल्क भी वसूला गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना या पिलाना कानूनन अपराध है।

पुलिस का कहना है कि यदि दोबारा इस प्रकार की गतिविधि सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित