पौड़ी , अगस्त 29 -- उत्तराखंड के पौड़ी में कल देर रात सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग, शोर-शराबा और अराजक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पौड़ी पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे जांच एवं गश्त अभियान के दौरान थाना श्रीनगर पुलिस ने एनआईटी सुमाड़ी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग कर रहे 15 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त को थाना श्रीनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस टीम नियमित गश्त एवं जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एनआईटी सुमाड़ी क्षेत्र में कार्यरत कुछ मजदूर सार्वजनिक स्थान पर आपस में शोर-शराबा करते हुए हुड़दंग और अमर्यादित व्यवहार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए हुड़दंग कर रहे सभी 15 लोगों को हिरासत में ले लिया।

कार्रवाई की जद में आए लोगों में रवि कुमार, प्रदीप कुमार, अक्षय कुमार, मिथलेश कुमार, अजीत कुमार, संजय कुमार, शेखर कुमार, विजेन्द्र कुमार, पंचम कुमार, रेशलाल मंडल, मनीश कुमार, दीपेन्द्र सिंह, सुमन, प्रशांत कुमार और सूरज शामिल हैं। इनमें अधिकांश एनआईटी सुमाड़ी में मजदूरी करने वाले बताए गए हैं, जबकि कुछ नेपाल के बर्दिया क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई करते हुए भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने अथवा हुड़दंग करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। एसएसपी के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक शांति एवं कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित