बैतूल , अक्टूबर 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सारनी थाना पुलिस ने सारनी और पाथाखेड़ा के अलग-अलग स्थानों से सात लोगों को गिरफ्तार कर सट्टा पर्चियां और दो हजार 75 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध सट्टा अधिनियम की धारा 4(क) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 13 अक्टूबर को मुखबिर से सार्वजनिक स्थानों पर सट्टा लिखे जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीमों ने दबिश दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब उर्फ पंजाबराव, आकाश इंगले, कैलाश निरापुरे, दीपक मस्कोले, प्रदीप डोंगरे, दुर्गेश लागड़े और मनोज रजने के रूप में हुई है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती के नेतृत्व में की गई।

दूसरी ओर, जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में साप्ताहिक हाट बाजारों में कथित तौर पर चल रहे 'कुंदरू' नामक जुए के खेल को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बताई गई है। विशेषकर मोहदा थाना क्षेत्र के हाट बाजारों में इस गतिविधि के संचालन का आरोप लगाते हुए स्थानीय नागरिकों ने चिंता जताई है कि इससे युवाओं और परिवारों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तथा क्षेत्रीय विधायकों से इस कथित अवैध खेल पर रोक लगाने की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित