मोतिहारी , अक्टूबर 21 -- बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर पूर्वी चंपारण जिले में मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जिले के सभी 27 प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। जिले के कुल 1,743 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1,534 पुरुष और 209 महिला मतदाता शामिल हैं।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने बुधवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में निर्वाचन कार्य के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदान सामग्री, मतदानकर्मियों के प्रशिक्षण और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्वाचन को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित