छपरा , जुलाई 02 -- बिहार के सारण जिले में हरिहरनाथ थाना की पुलिस ने 46.340 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि सूचना के आधार पर सीपियां आम मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया।
सूत्रों ने बताया कि तलाशी के दौरान कार से 46.340 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से सोनपुर थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव निवासी जीतू कुमार तथा दिघवारा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो मोबाइल फोन और गांजा तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई। इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित