छपरा , जून 05 -- बिहार के सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार की रात माड़ीपुर कला गांव में हथियारबंद अपराधी स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह के घर में घुसकर हथियार के बल पर लूटपाट कर रहे थे। इसी दौरान निकेश कुमार सिंह ने बक्सा लेकर भाग रहे एक अपराधी को पकड़ लिया। इस दौरान अपराधी ने गोली चला दी, जिससे निकेश कुमार सिंह घायल हो गया।इसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

सूत्रों ने बताया कि घायल युवक को परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सारण के अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित