छपरा , सितंबर 6 -- बिहार के सारण जिले के दरियापुर प्रखंड में रविवार को मही नदी पर स्थित घोरहू कोठिया बांध पानी के दबाव के कारण अचानक टूट गया। बांध टूटने के बाद नदी का पानी तेजी से आसपास के इलाकों में फैल गया, जिससे सैकड़ों एकड़ में लगी फसल डूब गई और करीब 25 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बांध पर पिछले कई दिनों से पानी का दबाव बना हुआ था। रविवार सुबह अचानक बांध का एक हिस्सा टूट गया और पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। देखते ही देखते खेतों और निचले इलाकों में पानी फैल गया। अचानक आई बाढ़ से ग्रामीणों में घबराहट का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं।
घटना की सूचना मिलने पर सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और बांध की स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने बांध की मरम्मत के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित