छपरा, सितम्बर 01 -- बिहार में सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती महिला और नवजात की मौत प्रसव के बाद हो गई है।इस मामले में मृतका बंगरा पंचायत के बंगरा वार्ड संख्या-3 निवासी बिट्टू यादव की पत्नी किरण देवी (21) के परिजनों ने पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि प्रसव पीड़ा से ग्रस्त होने पर किरण देवी को डुमरसन स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद अत्याधिक रक्तस्राव होने पर उक्त अस्पताल के चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि उक्त अस्पताल से रेफर किए जाने पर परिजन उसे दूसरी जगह लेकर जा रहे थे। इसी दौरान प्रसव पीड़िता और उसके बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद परिजन उक्त निजी अस्पताल पहुंचे और मृतका और उसके बच्चे के शव को मुख्य पथ पर रख कर धरना प्रदर्शन शुरू किया।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को शांत कराने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस इस मामले में मृतका के परिजनों से मिले आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है। उक्त निजी अस्पताल का चिकित्सक अस्पताल छोड़कर फरार हो गया है,जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित