छपरा , सितम्बर 17 -- बिहार में सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले डूबे भाई का शव गुरूवार को उसके भाइयों ने नयागांव थाना क्षेत्र में नदी से बरामद किया।पुलिस सूत्रों ने बताया कि वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र निवासी अवधेश सहनी(40) दिघवारा थाना क्षेत्र में एक घर में किराए के मकान में रह कर राज मिस्त्री का काम करता था।वह तीन दिन पहले दिघवारा थाना क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान करने गया था,जहां से वह वापस अपने किराए के मकान में नहीं पहुंचा तो मकान मालिक ने उसके भाइयों को फोन पर सूचना दी। इसके बाद उसके भाइयों द्वारा तीन दिन से नाव के माध्यम से नदी में उसकी तलाश की जा रही थी।

सूत्रों ने बताया कि गुरूवार को उसके भाइयों ने उसका शव नयागांव थाना क्षेत्र में नदी में बहता देखा और मामले की सूचना थाना पुलिस को दी।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित