छपरा , जून 10 -- बिहार के सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक दवा व्यवसायी से नकदी, सोने की चेन, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिये।पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया किपीड़ित व्यवसायी फुलवरिया निवासी राजेश कुमार साह ने मकेर थाना में दिए आवेदन में बताया है कि वह दवा खरीदने के लिए 2.50 लाख रुपये लेकर मोटरसाइकिल से पटना जा रहे थे। इसी दौरान फुलवरिया-केवारा नहर मार्ग पर, घर से करीब 500 मीटर आगे पहुंचते ही एनएच-722 की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद अपराधियों ने हथियार के बल पर उनके गले से सोने की चेन और गले में लटका बैग छीन लिया। बैग में दवा खरीदने के लिए रखे 2.50 लाख रुपये थे। अपराधियों ने मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल की चाबी तथा अन्य कागजात भी लूट लिए।घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी परसा की ओर फरार हो गए।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित