छपरा , जून 07 -- बिहार के सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान की छत की ढलाई के दौरान बिजली का करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि रिविलगंज थाना क्षेत्र के नयका लोहा टोला गांव निवासी सुरेन्द्र कुमार (26) नैनी गांव में एक नए मकान की छत की ढलाई के काम में लगा हुआ था। इसी दौरान गिट्टी, बालू और सीमेंट के मिश्रण से तैयार मसाला छत पर पहुंचाते समय वह मकान के बगल से गुजर रहे विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह अचेत होकर नीचे गिर पड़ा। उसके साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों ने उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित