पटना , मई 14 -- बिहार के सारण जिले में चलाये गये अभियान में 13 आर्केस्ट्रा समूहों से सात नेपाली लड़कियों समेत 21 बच्चियों को मुक्त कराकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई एसोसिएशन फॉर वालंटरी एक्शन (एवीए) की सूचना पर सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान में सारण पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), कई थानों की पुलिस टीमों के साथ एवीए और नारायणी सेवा संस्थान भी शामिल थे। दोनों संगठन बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए 250 से भी अधिक नागरिक समाज संगठनों के देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी हैं।
मुक्त कराई गई बच्चियों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। इन्हें नेपाल, असम, पश्चिम बंगाल, ओड़ीशा, झारखंड और मध्य प्रदेश से ट्रैफिकिंग के जरिए लाया गया था। प्रारंभिक काउंसलिंग के दौरान कई बच्चियों ने बताया कि उन्हें अच्छी नौकरी, चमकदार जिंदगी और आकर्षक कमाई का लालच देकर फंसाया गया। जाल में फंसने के बाद उन्हें शादियों और अन्य आयोजनों में घंटों तक अश्लील भोजपुरी गीतों पर प्रस्तुति देने के लिए मजबूर किया जाता था। इस दौरान कई बच्चियों को दर्शकों की ओर से यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार का भी सामना करना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित