छपरा , जून 29 -- िहार के सारण जिले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र मेंअधिवक्ता पिता-पुत्र दोहरे हत्याकांड के मुख्य गवाह की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी, तथा उसका छोटा भाई घायल हो गया।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि व्यवहार न्यायालय, छपरा के अधिवक्ता राम अयोध्या राय और उनके पुत्र सुनील राय की दोहरी हत्या के मुख्य गवाह एवं मृतक अधिवक्ता के भतीजे पंकज यादव (32) को रविवार देर रात फोन कर मुफस्सिल थाना बुलाया गया था। वह अपने छोटे भाई मनीष कुमार के साथ मोटरसाइकिल से थाना जा रहा था। इसी दौरान मेथवलियां चौक के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनकी बाइक रोककर फायरिंग दी।इस घटना में पंकज यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक राम पुकार सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित