छपरा , जुलाई 20 -- बिहार में सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अधिवक्ता पिता-पुत्र की हत्या के चश्मदीद गवाह पंकज यादव की हत्या का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार बताया कि पिछले 28 जून की रात में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मेथवलिया गांव के समीप अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के मुख्य गवाह पंकज यादव की हत्या अपराधियों ने गोलीमारकर कर दी थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने विशेष जांच दल(एसआइटी)का गठन किया था। विशेष जांच दल ने तकनीकी साक्ष्य एवं आसूचना के आधार पर इस मामले का उद्भेदन करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चांचौड़ा गांव निवासी अपराधी नन्दन उर्फ करीमन, निखिल कुमार, अंकित कुमार तथा बसहिंया गांव निवासी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर 01 पिस्तौल,01 देशी कट्टा,02 कारतूस और 04 मोबाइल फोन बरामद किया। गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित