छपरा , जुलाई 31 -- बिहार के सारण जिले में पानापुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस उप अवर निरीक्षक नीरज सिंह गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पानापुर थाना क्षेत्र के नट टोली में अवैध महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एक घर के पीछे प्लास्टिक की बाल्टी में पॉलीथिन के भीतर छिपाकर रखी गई 50 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया। हालांकि छापेमारी की सूचना पहले ही लीक हो जाने के कारण शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए।
सूत्रों ने बताया कि इस मामले में टिंकू नट, जवाहर नट, प्रभावती देवी तथा मीना देवी के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित