छपरा , जून 21 -- बिहार में सारण जिले के मुफस्सिल, अवतार नगर और रिविलगंज थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग सड़क दुघर्टना में तीन लोगों की मौत हो गई है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बधार गांव के समीप जमुना मुसेहरी गांव निवासी अर्जुन राय के पुत्र गोलू कुमार (17)को अनियंत्रित डंफर ने अपनी चपेट में ले लिया,जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

दूसरी घटना में अवतार नगर थाना क्षेत्र में रामगढ़ गांव के समीप मढ़ौरा थाना क्षेत्र के देव बहुआरा गांव निवासी धनेश्वर मांझी के पुत्र अमेरिका मांझी(45)को अनियंत्रित थार सवार चालक ने अपनी चपेट में ले लिया,जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

जबकि तीसरी घटना में रिविलगंज थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी राम प्रसाद महतो के पुत्र नागेंद्र महतो(47)का शव देवरिया गांव के समीप मुख्य पथ पर खून से लथपथ देख कर स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। सूत्रों ने बताया कि सम्भवतः सड़क पार करने के दौरान किसी अनियंत्रित गाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई है।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। तीनों थाना की पुलिस इस मामले में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित