छपरा, अप्रैल 13 -- बिहार में सारण जिले की पुलिस ने हथियार के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि जिले की भेल्दी थाना की पुलिस ने एक मामले में अभियुक्त मोहम्मद शमसेर के गांव मढ़ौरा थाना क्षेत्र के सैंधवारी गांव में छापामारी कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के मोबाइल फोन की जांच करने पर हथियार का फोटो मिलने पर उससे पूछताछ की गई।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस के पूछताछ में उक्त अभियुक्त ने अपने दो अन्य साथियों सैंधवारी गांव निवासी राहुल सिंह और भेल्दी थाना क्षेत्र के कोरेया पोखरा गांव निवासी रूपेश महतो के सम्बन्ध में जानकारी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपरोक्त दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो पिस्तौल, 03 खाली मैगजीन,25 कारतूस, एक मोटरसाइकिल, 04 मोबाइल फोन,01 बैग और 01 चाकू बरामद किया। गिरफ्तार अभियुक्तों को भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित