छपरा , जुलाई 27 -- बिहार में सारण जिले के नयागांव थाना क्षेत्र में ससुराल पक्ष के लोगों ने एक गर्भवती महिला की मारपीट कर हत्या कर दी है।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में मृतका पूनम कुमारी(24) के मायके वाले तरैया थाना क्षेत्र निवासी ने नयागांव थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि उन्होंने पूनम कुमारी का विवाह लगभग 14 माह पहले नयागांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी विशाल सहनी से किया था। विवाह के बाद भी और ज्यादा दहेज की मांग को लेकर पूनम कुमारी को प्रताड़ित किया जाता था। इस मामले में बहुत बार समझौता हुआ था। उन्हें पूनम कुमारी के ससुराल वालों के पड़ोसियों ने फोन पर बताया कि पूनम को मारपीट कर घायल करने के बाद ससुराल वाले घर छोड़ कर फरार हो गए हैं। इसके बाद वे लोग पूनम कुमारी के ससुराल पहुंचे और उसे इलाज के लिए पटना लेकर पहुंचे,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही इस मामले में प्राप्त आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित