छपरा, मई 14 -- बिहार में सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह सड़क दुघर्टना में तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ऑटोरिक्शा पर सवार लोग कहीं जा रहे थे। इस दौरान सोनिया गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 531 पर विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने ऑटोरिक्शा में टक्कर मार दी। इस घटना में ऑटोरिक्शा पर सवार एक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गये।

सूत्रों ने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिए एकमा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मृतकों की पहचान नहीं की जा सकी है।घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही ऑटोरिक्शा को जब्त कर लिया है। ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया है।

सूत्रों ने बताया कि ऑटोरिक्शा से आर्केस्ट्रा में बजाने वाले कुछ यंत्र मिले हैं।ऐसी स्थिति में यह आशंका जताई जा रही है कि तीनों मृतक किसी आर्केस्ट्रा ग्रुप के सदस्य हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित