छपरा , मई 07 -- बिहार में सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदेहात्मक स्थिति में मौत हो गई है।

पुलिस सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि बेन छपरा गांव निवासी गजेन्द्र कुमार साह पेशा से हलवाई का काम करता था।वह अपने ठेकेदार सढ़वारा गांव निवासी शत्रुघ्न साह के साथ एक शादी समारोह में खाना बनाने के लिए डुमरसन गया था।देर रात को गजेन्द्र कुमार साह के परिजनों को सूचना मिली कि वह गम्भीर रूप से घायल हो गया है। इसके बाद परिजन डुमरसन पहुंचे और वहां से उसे इलाज के लिए मशरक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

सूत्रों ने बताया कि सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजन शव को लेकर मशरक पहुंचे। जहां उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से शव को मुख्य पथ पर रख कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों को समझा कर शव को कब्जे में लेकर ठोस के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।पुलिस इस मामले में मृतक के परिजनों से मिले आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित