छपरा , अप्रैल 25 -- बिहार में सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में नगर पंचायत के वार्ड पार्षद की हत्या उसके पड़ोसियों ने चाकू मारकर कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की देर रात को गोढापर गांव निवासी नगर पंचायत के वार्ड नम्बर 09 का पार्षद राजा ठाकुर(27) अपने आज होने वाले तिलक समारोह के लिए अपने घर के आगे टेंट शामियाना लगवा रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे उसके पड़ोसियों से उसका विवाद हुआ। इसके बाद पड़ोसियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से कुछ अन्य साथियों को बुलाकर उसके उपर चाकू से हमला कर दिया। उसे बचाने पहुंचे उसके दो अन्य भाई मुकेश कुमार ठाकुर एवं रितेश कुमार ठाकुर तथा पड़ोसी छोटे लाल चौधरी के पुत्र विकास कुमार चौधरी को भी हमलावरों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया,जहां चिकित्सक ने राजा ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।पुलिस घायलों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित