छपरा , मई 30 -- िहार में सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो जाने के बाद उसके परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा और प्रदर्शन किया। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि बनियापुर थाना क्षेत्र निवासी विपिन कुमार सिंह का पुत्र पिम्पल कुमार सिंह (28) गुरुवार को सिर में चोट लगने के बाद इलाज कराने एक निजी अस्पताल पहुंचा था।वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया था।

सूत्रों ने बताया कि इलाज के दौरान पिम्पल की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद निजी अस्पताल के चिकित्सक ने उसे बनियापुर रेफरल अस्पताल भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत की सूचना मिलने पर परिजन शव को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे और वहां प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित