छपरा, फरवरी 18 -- बिहार में सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की हत्या कर दी गयी।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मृतका काजल कुमारी (28) के भाई रिविलगंज थाना क्षेत्र के सेंगर टोला गांव निवासी मुकेश कुमार ने जलालपुर थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि उसने अपनी बहन की शादी नूर नगर गांव निवासी डब्लू पासवान से तीन वर्ष पूर्व की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वालों के द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार को ससुराल वालों ने काजल कुमारी के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित