छपरा, मई 12 -- बिहार के सारण जिले में महिला थाना की पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्र की पुलिस के साथ मिलकर आर्केस्ट्रा में काम करने वाली 19 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराने के साथ ही चार अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक पिछड़ा वर्ग तथा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने महिला थाना और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट पुलिस प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया।इस टीम और पुलिस बल ने परसा, भेल्दी, मढ़ौरा और दरियापुर थाना क्षेत्र के विभिन्न आर्केस्ट्रा ग्रुप में छापेमारी कर उत्तरप्रदेश की 01, पश्चिम बंगाल की 06, बिहार की 02, छत्तीसगढ़ की 05, कोलकाता की 01 और असम की 04 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है।

सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के दौरान आर्केस्ट्रा ग्रुप में जबरन काम कराने वाले दरियापुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव निवासी शैलेश राय,परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा गांव निवासी आलोक कुमार, पूर्वी चंपारण जिले के कोटा थाना क्षेत्र के वनवरिया गांव निवासी पंच लाल, तथा असम के जागीरू जिले के मोरीगांव थाना क्षेत्र के हटिया मोड़ गांव निवासी नामता डेकर को गिरफ्तार किया गया है। उनके विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित