छपरा , अगस्त 01 -- बिहार में सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आभूषण की दुकान से अपराधियों ने लगभग 10 लाख रुपए मूल्य की सम्पत्ति की चोरी कर ली है।इस मामले में स्वर्णाभूषण दुकान व्यवसाई बिनटोली गांव निवासी भगवान लाल सोनी ने शनिवार को पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि उनकी स्वर्णाभूषण की दुकान बीआरसीसी कार्यालय के समीप है। सुबह में जब वे अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ था। दुकान के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरा भी टूटे हुए थे। दुकान के अन्दर जाने पर दुकान में लगा तिजोरी जिसमें लगभग तीन किलोग्राम चांदी,100 ग्राम सोना तथा नगद 01 लाख रुपए गायब पाया गया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान की जांच करने के साथ ही इस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच करने के साथ ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चोरो के गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित