छपरा, अप्रैल 17 -- बिहार में सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने मंडल कारा, छपरा में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सदर अनुमंडल पदाधिकारी,सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर, भगवान बाजार और मुफस्सिल थाना के पुलिस पदाधिकारियों के अलावा लगभग 175 पुलिस बल ने गुरुवार की देर रात मंडल कारा के विभिन्न वार्ड का सघनता से निरीक्षण किया।
सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के दौरान किसी भी वार्ड से कोई आपत्तिजनक वस्तु की प्राप्ति नहीं हुई है,जिससे जेल प्रशासन की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जेल परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को लगातार सक्रिय और प्रभावी रखने का निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ स्वच्छता भी प्राथमिकता में शामिल होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित