बैतूल , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र में टॉवर से केबल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दो महिलाओं समेत पांच अपचारी बालकों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाएं गिरोह का संचालन कर रही थीं और चोरी की वारदातों में नाबालिगों को भी शामिल किया गया था। आरोपियों के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार सारणी क्षेत्र में टॉवरों से केबल चोरी की लगातार शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। इसी दौरान सलैया में एयरटेल कंपनी के टॉवर से केबल चोरी की घटना सामने आई। सलैया निवासी नंदकिशोर यादव ने पुलिस को बताया कि टॉवर की ओर टॉर्च की रोशनी दिखाई देने पर वह अनुराग यादव, कैलाश यादव और ओमप्रकाश जोशी के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कुछ लोग टॉवर का केबल काटकर ले जाते दिखाई दिए।
सूचना मिलने के बाद सारणी-पाथाखेड़ा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान टॉवर केबल चोरी करने वाले गिरोह के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच अपचारी बालकों को पकड़ लिया।
पुलिस ने महिलाओं की पहचान रोशनी पति शंकर प्रजापति (30), निवासी शिवाजी नगर पाथाखेड़ा और बाजी उर्फ यास्मीन पति फरीद शाह (40), निवासी सुपर-ई सारणी के रूप में की है। पांचों अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।
आरोपियों के कब्जे से करीब 50 फीट कॉपर केबल बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये कीमत की लोहे की सामग्री भी जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये है।
पुलिस आरोपियों से गिरोह में शामिल अन्य लोगों और पूर्व में हुई टॉवर केबल चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस नाबालिगों को चोरी की वारदातों में शामिल किए जाने के मामले को भी गंभीरता से जांच रही है। कार्रवाई में सारणी थाना प्रभारी जयपाल इनवाती, चौकी प्रभारी मनोज कुमार उईके सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित