छपरा , मई 24 -- बिहार के सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में रविवार को अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तरैया निवासी और फरीदनपुर मठिया बाजार स्थित कनक ज्वेलर्स के मालिक सत्येन्द्र साह अपने मोटरसाइकिल से एक झोला में सोना-चांदी लेकर दुकान जा रहा था।इसी दौरान थाना से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने हथियार के बल पर उक्त व्यवसायी को रोक लिया और उसकी मोटरसाइकिल के हैंडल में टंगा सोना-चांदी से भरा झोला लूट लिया। इसके बाद अपराधी व्यवसायी की मोटरसाइकिल की चाबी और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद पीड़ित व्यवसाई थाना पहुंचा , जहां उसने मामले की जानकारी देते हुए आवेदन दिया।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लूट वाले क्षेत्र मेंपहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच करने के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित