छपरा , मई 21 -- बिहार में सारण जिले के रिविलगंज एवं मकेर थाना क्षेत्र में सरयू और गंडक नदी में गुरुवार को डूबकर दो लोगों की मौत हो गई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जलालपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुरा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य भीम सिंह एक शव यात्रा को लेकर रिविलगंज थाना क्षेत्र के सरयू नदी में अंतिम संस्कार में गये थे। शव के अंतिम संस्कार के बाद श्री सिंह सरयू नदी में स्नान करने गये, जहाँ गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।
वहीं दूसरी घटना में मकेर थाना क्षेत्र में गंडक नदी के कटाव को रोकने के लिए काम कर रहे भागलपुर जिला अंतर्गत सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर सबौर गांव निवासी संजय कुमार(21) की नदी के पानी में डूब कर मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नदी से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित