छपरा , मार्च 09 -- बिहार में सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र में विवाह के 2 माह के अंदर ही दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक नवविवाहिता की हत्या उसके ससुराल वालों ने कर दी है।
इस मामले में पहलेजा थाना क्षेत्र के सैदपुर चक दरिया गांव गुड़िया देवी (25) के पिता मैनेजर राय ने दरियापुर थाना पुलिस को दिये गये आवेदन में कहा है कि दो माह पहले उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह अकिलपुर मलखाचक निवासी सनोज राय से किया था। विवाह के बाद से ही ससुराल वालों द्वारा दहेज के लिए उनके पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था।
सोमवार को उनके पुत्री के ससुराल वालों के पड़ोसी ने फोन कर यह बताया कि उनके पुत्री की हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों के गिरफ्तारी के लिये छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित