छपरा , अप्रैल 25 -- बिहार में सारण जिले के पूर्वोत्तर रेलवे छपरा कचहरी स्टेशन से रेल थाना की पुलिस ने नकली उत्पाद अधिकारी बन कर यात्रियों के सामान की जाँच कर रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
रेल थाना पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उमानगर मोहल्ला निवासी गुरुचरण सिंह तथा उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र निवासी नीतीश कुमार यादव खुद को उत्पाद विभाग का अधिकारी बता कर उत्तरप्रदेश से आने वाली रेलगाड़ी के यात्रियों की जांच छपरा कचहरी स्टेशन के प्लेटफार्म पर कर रहे थे और कुछ यात्रियों से मिले अवैध शराब को बरामद कर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान किसी पैसेंजर ने मामले की सूचना रेल थाना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची रेल थाना की पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो उनकी असलियत जाहिर हो गई।
इसके बाद रेल थाना पुलिस ने उत्पाद विभाग को इसकी सूचना देने के साथ ही दोनों अभियुक्तों को उन्हें सौंप दिया।
सूत्रों ने बताया कि दोनों को उनके विरुद्ध बिहार मघनिषेद एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30 (ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित