छपरा , अप्रैल 27 -- बिहार में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए पानापुर प्रखंड में संविदा पर कार्यरत तकनीकी सहायक मोहम्मद राजा करीम को तत्काल प्रभाव से सेवामुक्त कर दिया गया है।
सारण के जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि गत वर्ष नवम्बर माह के 24 तारीख को निगरानी विभाग ने रजा करीम को 50,000 हजार रूपया रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि निगरानी विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों, कॉल ट्रांसक्रिप्ट और रंगे हाथों गिरफ्तारी के प्रतिवेदन से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने कार्य के बदले रिश्वत की मांग की थी।
नियमानुसार आरोपी को अपना पक्ष रखने के लिए स्पष्टीकरण का अवसर दिया गया, किंतु उनकी तरफ से प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नही पाये गए और न ही वे निर्दोष होने का कोई साक्ष्य प्रस्तुत कर सके।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने बताया कि पंचायती राज विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग के संकल्प के आधार पर सरकारी सेवक के इस कृत्य को घोर कदाचार और सेवा शर्तों का उल्लंघन मानते हुए रिश्वत लेने के दोषी रजा करीम को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित