छपरा , मार्च 07 -- बिहार में सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद एवं मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 06 अभियुक्तों के साथ एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मोतीराजपुर गांव में शुक्रवार की देर रात दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार को मिली। उन्होंने तत्काल सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी 01 के नेतृत्व में गड़खा थाना प्रभारी और पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा। जहां स्थिति नियंत्रण करने के साथ ही पुलिस ने मोतीराजपुर गांव निवासी अखिलेश मांझी, परशुराम मांझी, ग्यासुद्दीन, सद्दाम हुसैन, सलमान अंसारी, सोहराब हुसैन एवं एक नाबालिग को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस लगातार प्रभावित क्षेत्र में गश्त कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित