छपरा, जून 06 -- बिहार में सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मृतका की पहचान डेरनी थाना क्षेत्र के पीरारी गांव निवासी रणजीत राम की 28 वर्षीय पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर संगीता देवी को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में प्रसव कराने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया। पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही संगीता देवी की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस अस्पताल पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के सामने सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर भगवान बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित