छपरा , मार्च 01 -- बिहार के सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने एक विवाहिता की हत्या कर दी है और घटना को आत्महत्या दिखाने के लिये उसे फांसी पर लटका दिया गया।

इस मामले में मृतका मंतूरन देवी (22) के मायके वाले दरियापुर थाना क्षेत्र के नाथा छपरा गांव निवासी विधान कुमार ने थाना पुलिस को दिये गये आवेदन में कहा है कि उन्होंने मंतूरन का विवाह बरियारपुर गांव निवासी अखिलेश राय से किया था। विवाह के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे, जिसे पूरा नहीं करने पर उसके ससुराल वालों ने फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में प्राप्त आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के गिरफ्तारी के लिये छापामारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित