छपरा , मार्च 21 -- बिहार में सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक मृत विवाहिता के मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
इस मामले में डेरनी थाना क्षेत्र के पोझी परसा गांव निवासी रुक्मिणी देवी ने नगर थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि उनकी पुत्री की शादी लगभग 22 माह पहले बजरंग नगर,कटहरी बाग मोहल्ला निवासी राकेश कुमार से हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग के साथ उनकी पुत्री को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि पुत्री के ससुराल के पड़ोसियों से जानकारी मिली कि उनकी पुत्री की हत्या कर दी गई है।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही मृतका के पति राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित