छपरा, मई 31 -- बिहार में सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने एक नवविवाहित की हत्या कर दी है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि इस मामले में मृतका रानी कुमारी(25) के पिता पड़ोसी जिला सिवान के दारौंदा थाना क्षेत्र निवासी ने थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि उन्होंने रानी कुमारी का विवाह केदार परसा गांव निवासी अरुण महतो से पिछले 30 अप्रैल को किया था। विवाह के बाद से ही ससुराल वाले और ज्यादा दहेज की मांग करते हुए रानी कुमारी को प्रताड़ित किया करते थे।आवेदन में उन्होंने कहा है कि रानी कुमारी के ससुराल के पड़ोसियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से रानी के हत्या की जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को घर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। हत्या के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गये हैं।पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित