छपरा, मई 23 -- बिहार के सारण जिले में मुफस्सिल थाना की पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे नौ अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने फोरलेन सड़क पुल के समीप एक करकटनुमा घर की घेराबंदी कर छापामारी शुरू की। पुलिस को देखते ही उक्त मकान में अपराध की योजना बना रहे सभी अपराधी भागने लगे। पुलिस बल ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से 03 देशी कट्टा,06 कारतूस और राहगीरों से छीने गए 05 मोबाइल फोन को बरामद किया है।

पकड़े गए अपराधियों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामनगर नयका टोला निवासी बिक्की कुमार मांझी, राजा कुमार मांझी, रामनगर निरमोही टोला निवासी आकाश कुमार उर्फ प्रकाश राम, आकाश कुमार मांझी, रामनगर गढ़ देवी स्थान निवासी सुभम कुमार महतो, साहिल मिश्रा, अमरजीत कुमार महतो एवं भगवान बाजार थाना क्षेत्र के काशी बाजार निवासी करण कुमार डोम और मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी आदर्श कुमार द्विवेदी शामिल है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने पकड़े गए अपराधियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के सुसंगत धारा में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित