जयपुर , फरवरी 18 -- भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को जयपुर के लोगों को हवाई कौशल, अनुशासन और टीमवर्क का अद्भुत प्रदर्शन दिखायेगी।
रक्षा सूत्रों के अनुसार अपनी रंगीन हेलीकॉप्टरों और शानदार फॉर्मेशन फ्लाइंग के लिए प्रसिद्ध यह टीम 19 और 20 फ़रवरी को अभ्यास उड़ानें भरेंगी, जबकि अंतिम प्रदर्शन 22 फ़रवरी को आयोजित किया जाएगा।
'सारंग'- संस्कृत में जिसका अर्थ 'मोर' है, और भारतीय वायुसेना का गौरवशाली ब्रांड एंबेसडर है, जो इसके एयर वॉरियर्स की पेशेवर दक्षता और उत्कृष्टता का प्रदर्शन करता है। स्थापना के बाद से ही सारंग ने अपनी विशिष्ट समन्वित एरोबेटिक कलाबाज़ियों से दुनिया भर के दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है। टीम ने वर्ष 2004 में सिंगापुर में एशियन एयरोस्पेस शो में अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदार्पण किया और तब से अब तक विश्व के 390 से अधिक स्थानों पर 1200 से ज्यादा प्रदर्शन कर चुकी है।
सारंग टीम स्वदेशी रूप से निर्मित 'ध्रुव' एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) पर उड़ान भरती है, जिसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने डिज़ाइन और विकसित किया है। जब सारंग टीम जयपुर के आकाश को रंगों से सजाएगी तब पिंक सिटी में विरासत और उच्च-स्तरीय विमानन का दुर्लभ संगम देखने को मिलेगा। शाही किलों और महलों की कालातीत पृष्ठभूमि में दर्शक एक ऐसे रोमांचक नज़ारे की अपेक्षा कर सकते हैं, जहां सटीक फॉर्मेशन फ्लाइंग और शहर की जीवंत आत्मा का सुंदर मेल होगा जो साहस, कौशल और राष्ट्रीय गौरव भारतीय वायुसेना की स्थायी पहचान का उत्सव मनाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित