सारंगढ़-बिलाईगढ , जनवरी 22 -- सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सारंगढ़ सिटी कोतवाली के सामने गुरुवार को उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई जब कोरबा में पदस्थ तहसीलदार श्री बंदे राम भगत पुलिस कार्रवाई न होने से आहत होकर धरने पर बैठ गए।

तहसीलदार बंदे राम भगत का आरोप है कि 20 जनवरी को कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ एक गार्ड ने उनके पुत्र राहुल भगत के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस घटना में उनके पुत्र के कान का पर्दा फट जाने की बात कही जा रही है। घायल राहुल भगत द्वारा घटना की लिखित शिकायत सारंगढ़ सिटी कोतवाली में दी गई, किंतु 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

तहसीलदार का कहना है कि वे लगातार पुलिस थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक गंभीर मामले में भी पुलिस की निष्क्रियता समझ से परे है।

तहसीलदार के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई है। समाचार लिखे जाने तक तहसीलदार कोतवाली परिसर के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं और पुलिस कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित